लंदन। मैच फिक्सिंग मामले में दोषी पाए जाने पर पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद आमेर को दूसरे आरोपियों 26 वर्षीय सलमान बट और 27 वर्षीय मोहम्मद आसिफ की तुलना में कम सजा हो सकती है क्योंकि उनकी उम्र अभी सिर्फ 18 वर्ष है। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारून लोर्गट ने इस बात के संकेत दिए हैं कि उम्र कम होने के आधार पर दोषी पाए जाने की सूरत में आमेर की सजा कम करने पर विचार किया जा सकता है।
लोर्गट ने कहा कि यह मेरा व्यक्तिगत विचार है। मेरा मानना है कि उम्र कई बार काफी मायने रखती है लेकिन इस संबंध में अंतिम फैसला स्वतंत्र न्यायाधिकरण को करना है। हाल ही में सबसे कम उम्र में 50 विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाने वाले आमेर के लिए कई खिलाडियों ने अपना समर्थन जताया है। इनमें इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइक आर्थटन भी शामिल हैं। आर्थटन ने कहा कि आमेर बुरी संगति के कारण ऎसा कर बैठे हैं क्योंकि अभी उन्हें अच्छे-बुरे की समझ नहीं है। उनके खिलाफ सजा कम करने पर विचार किया जाना चाहिए।
सिडनी टेस्ट पर गहराए फिक्सिंग के बादल मेलबोर्न। आस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच पिछले वर्ष खेले गए सिडनी टेस्ट पर मंडरा रहे फिक्सिंग के काले बादल सोमवार को उस समय और गहरा गए जब एक आस्ट्रेलियाई अखबार ने सट्टेबाज मजहर माजिद के साथ कुछ पाकिस्तानी खिलाडियों की तस्वीर प्रकाशित कर दी। द आस्ट्रेलियन ने क्रिकेट जगत को हिलाकर रख देने वाले स्पॉट फिक्सिंग प्रकरण के केंद्र में रहे माजिद और कुछ पाकिस्तानी खिलाडियों की एक फोटो छापी है, जिसमें उन्हें सिडनी टेस्ट के तीन सप्ताह बाद पर्थ के एक होटल में रात्रिभोज करते दिखाया गया है। पाकिस्तान एक वक्त बेहद मजबूत स्थिति में होने के बावजूद यह मैच हार गया था। विकेटकीपर कामरान अकमल ने चार कैच टपकाए थे।
अपरिपक्व हैं हमीद: आफरीदी कप्तान शाहिद अफरीदी ओपनर यासिर हमीद से खफा हैं और उनका मानना है कि यह सलामी बल्लेबाज मानसिक तौर पर अपरिपक्व है। आफरीदी ने कहा कि हमीद भरोसे के लायक नहीं है। वह भले ही 30-31 साल का हो गया है लेकिन मानसिक तौर पर अभी भी 15-16 बरस का है। लोगों को पता है कि वह किस तरह का है। हम उसे लंबे समय से जानते हैं और हमें पता है कि वह क्या कह सकता है। वह कई बार ऎसा कर चुका है। उस पर भरोसा नहीं किया जा सकता। मुझे नहीं पता कि वह किसके पास बैठकर किन हालात में ये बयान दे रहा था।
|
|
|
|
|
|
|