चेन्नई। मध्य क्षेत्र ने दिलीप ट्रॉफी सेमीफाइनल के दूसरे दिन 237 रन की बढ़त हासिल कर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। मध्य क्षेत्र ने मोहम्मद कैफ (109) के शतक की बदौलत पहली पारी में 293 रन बनाए जिसके जवाब में दक्षिण क्षेत्र की पूरी टीम 183 रन पर ढेर हो गई। मध्य क्षेत्र ने पहली पारी में 110 रन की बढ़त के बाद दूसरी पारी में स्टंप तक 1/127 रन बना लिए। नमन ओझा (79) और कैफ 41 रन बनाकर क्रीज पर हैं। विनीत सक्सेना दो रन बनाकर आउट हुए। दक्षिण क्षेत्र की पारी में स्टुअर्ट बिन्नी (56) और अमित वर्मा (42) को छोड़कर अन्य कोई बल्लेबाज विकेट पर नहीं टिक पाया। ओपनर अभिनव मुकुंद 13 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए। भुवनेश्वर कुमार ने 65 रन पर तीन विकेट और जलज सक्सेना ने 23 रन पर तीन विकेट लिए। पंकज सिंह को एक विकेट मिला।
उधर, नई दिल्ली में तेज गेंदबाज परविंदर अवाना (6/84) की घातक गेंदबाजी के बाद मंदीप सिंह (55) के अर्घशतक से उत्तर क्षेत्र ने पूर्व क्षेत्र के खिलाफ 3/162 रन बना लिए। उत्तर क्षेत्र अभी पूर्व क्षेत्र के 315 रन के स्कोर से 153 रन पीछे है।
|
|
|
|
|
|
|