नई दिल्ली । केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने सोहराबुद्दीन फर्जी मुठभेड़ कांड की स्थिति रिपोर्ट शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के सुपुर्द कर दी। जांच एजेंसी ने कोर्ट से इस मामले की सुनवाई गुजरात से बाहर स्थानांतरित करने का आग्रह किया है। सीबीआई ने परम्परा के अनुरूप सीलबंद लिफाफे में कोर्ट को रिपोर्ट सौंपी।
सीबीआई ने मामले को गुजरात से बाहर स्थानांतरित करने का भी आग्रह किया है। इस बीच, सीबीआई के प्रवक्ता हर्ष भाल ने बताया कि स्थिति रिपोर्ट में सीबीआई द्वारा की गई जांच का संक्षिप्त ब्यौरा उपलब्ध कराया गया है। सीबीआई ने जांच संबंधी स्थिति रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुरूप सौंपी है। कोर्ट ने सीबीआई को इस हत्याकांड की जांच रिपोर्ट सौंपने के लिए 31 जुलाई तक का समय दिया था।
चाहिए और समय
सूत्रों ने बताया कि सीबीआई ने मामले की जांच पूरी करने के लिए थोड़ा और समय मांगा है। सुप्रीम कोर्ट ने इस वर्ष जनवरी में सोहराबुद्दीन फर्जी मुठभेड कांड की जांच का काम सीबीआई को सौंपा था। कोर्ट ने सीबीआई को सोहराबुद्दीन और उसकी पत्नी कौसर बी की कथित फर्जी मुठभेड़ में हुई मौत के सभी पहलुओं की जांच करने तथा इस मुठभेड़ कांड से संबंधित साजिश का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने सीबीआई को जांच रिपोर्ट सौंपने के लिए 6 माह का समय दिया था।
"कांग्रेस कर रही सीबीआई का दुरूपयोग"
अहमदाबाद। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आरोप लगाया है कि सोहराबुद्दीन मुठभेड़ मामले में सीबीआई कांग्रेस के इशारे पर काम कर रही है। इस मामले में पूर्व गृह राज्यमंत्री अमित शाह के इसतीफे और सीबीआई द्वारा उन्हें गिरफ्तार किए जाने के बाद पहली बार मोदी ने कहा कि पिछले एक हफ्ते से राज्य में जो कुछ हो रहा है उससे पता चलता है कि कांग्रेस ने अपनी हार स्वीकार कर ली है। गुजरात विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सीबीआई का राजनीतिक इस्तेमाल करने से कोई सफलता नहीं मिलेगी।
|
|
|
|
|
|
|