जयपुर । परकोटे और उससे जुड़े क्षेत्रों में आए दिन सीवर लाइनें जाम होने के कारण दूषित पानी की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। चार दरवाजा के पास मौलाना जियाउद्दीन कॉलोनी में दो दिन से आ रहे दूषित पानी ने आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को बीमार कर दिया है। किसी को उल्टी-दस्त है, तो किसी को पेट दर्द की शिकायत है। इनमें से एक को पीलिया की पुष्टि भी हुई है। करीब 400 घरों की इस कॉलोनी में पिछले 15 दिन से न तो सफाई हो पा रही, न ही सीवर चैंबर साफ हो रहे हैं।
क्षेत्र की हर गली में सीवर चैंबर ओवरफ्लो हैं और छोटी-छोटी गलियों में उनका पानी फैल रहा है। वहीं इनके बीच से गुजर रहीं पुरानी व जर्जर पेयजल लाइनों से होकर सीवर का पानी नलों तक पहुंच रहा है। लोगों का कहना है कि पिछले 3-4 दिन से नलों में दूषित, बदबूदार पानी आ रहा है। सप्लाई के पहले आधा घंटे तो सीवरलाइन का गंदा पानी ही आता है।
ये हुए बीमार
n मकान नंबर 685 में रहने वाले 16 वर्षीय अब्दुल आबिद अंसारी को कई दिनों से उल्टी व पेटदर्द था। दो दिन पहले जांच में पीलिया की पुष्टि हुई। n मकान नंबर 616 में रहने वाले 55 वर्षीय अब्दुल मजीद की पेटदर्द व उल्टी-दस्त से हालत खराब है। बोतल में भर कर दिखाया गंदा पानी गुरूवार सुबह भी जब दूषित पानी आया तो कॉलोनी के लोग इकट्ठे होकर 8 बजे मेहंदी का चौक स्थित जलदाय चौकी पहुंचे। यहां उन्होंने दूषित पानी से भरी बोतल दिखाई। कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत मौके पर पहुंचने का आश्वासन दिया, लेकिन 11 बजे पहुंचे।
लाइनों में लीकेज मिले
इधर स्थानी एईएन देवेन्द्र जेठू ने बताया कि सीवर लाइन का पानी घरों में घुस रहा है, वहीं कुछ सर्विस लाइनों में लीकेज मिले, इनसे नलों में दूषित पानी पहुंचा। उन्होंने बताया कि लीकेज वाली सप्लाई लाइनों को काट दिया गया है।
|
|
|
|
|
|
|