जयपुर । सीकर रोड ट्रांसपोर्ट नगर को सीकर रोड से सीधे जोड़ने, लोहा मंडी तक दो तरफा यातायात संचालन और सीकर रोड क्षेत्र में मिसिंग लिंक रोड बनाने को लेकर जेडीसी कुलदीप रांका ने शुक्रवार शाम को सीकर रोड क्षेत्र की कॉलोनियों व योजनाओं का दौरा किया। रांका ने सीकर रोड, ट्रांसपोर्ट नगर और बढ़ारना क्षेत्र में सुगम मार्ग बनाने को लेकर संभावनाएं तलाशीं। सीकर रोड से मुरलीपुरा को जोड़ने वाली संपर्क सड़क बनाने, दादी का फाटक पर बनने वाले रेलवे ओवरब्रिज के अलाइमेंट तथा सीकर रोड से लोहा मंडी तक दोतरफा यातायात चलाने की संभावना के चलते मौका देखा। इस मार्ग के बनने से लोहा मंडी योजना को सी-जोन बाइपास से संपर्क सड़क मिल सकेगी। सीकर रोड से अनाज मंडी की तरफ से सी-जोन बाइपास को जोड़ने वाली सड़क पर अवरोध हटाकर सीकर रोड को जोड़ने के लिए परीक्षण करने के लिए कहा। सीकर रोड पर रोड नंबर 5 के सामने दिल्ली-अजमेर 200 फीट बाइपास को जोड़ने वाली संपर्क सड़क के लिए भी मौका देखा। सीकर रोड से लोहा मंडी योजना को जोड़ने के लिए जल्दी भूमि अवाप्ति करने के निर्देश दिए। जेडीसी ने लोहा मंडी योजना के भूखंड आवंटियों को परियोजना में शिफ्ट कराकर व्यवसाय शुरू करने के लिए उपायुक्त को बैठक करने के निर्देश दिए। उन्होंने हार्डवेयर, सेनेट्री मार्केट और बिजली मार्केट की भूमि पर चल रहे न्यायालय प्रकरणों का त्वरित निष्पादन करवाने के प्रयास करने को भी कहा। जोड़ला पावर हाउस से बढारना तक संपर्क सड़क तथा विद्याधर नगर के स्मृति वन को विकसित करने के निर्देश दिए।
|
|
|
|
|
|
|