जयपुर। शहर की सड़कों पर हुए पैचवर्क पर जेडीसी सुधांश पंत ने फिर नाराजगी जताई है। ट्रांसपोर्ट नगर फ्लाईओवर के निर्माण के कारण आसपास की टूटी सड़कों पर जेडीसी ने कहा कि पुल तो दिल्ली में भी बनते हैं, इसका खमियाजा जनता क्यों भुगते। पंत ने सोमवार शाम को दिल्ली-आगरा रोड का दौरा कर एप्रोच रोड के हालात का जायजा लिया। उन्होंने सड़कों की दशा सुधारने के लिए रात की पारी में भी काम कराने के निर्देश दिए।
पंत ने ट्रांसपोर्ट नगर फ्लाईओवर के पास टूटी सड़कों पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह जगह पर्यटकों के एंट्रेस की जगह है। यहां गोल्डन ट्राई-एंगल बनता है। कॉमनवैल्थ गेम्स में केवल 15 दिन दूर रह गए हैं, इसलिए जल्दी से जल्दी इस सड़क को सुधारा जाना चाहिए। उन्होंने सड़कों के पैचवर्क के लिए छोटे पत्थरों का प्रयोग करने के लिए कहा। जवाहर सर्किल पर भी बड़े गड्ढे को देख जेडीसी ने कहा कि यह पॉश एरिया है, यहां तो कम से कम इसे तो जल्द से जल्द सही करो।
दोराया को कराया झटकों का अनुभव जेडीसी ने सड़कों के गड्ढों का अनुभव कराने के लिए निदेशक अभियांत्रिकी ओ.पी. दोराया को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। उन्होंने कहा कि काम युद्धस्तर पर करो, ताकि पर्यटक आए तो उसे अच्छा अनुभव हो। टूटी सड़कों के सोमवार को जब अभियंताओं ने सड़कों का लेवल खराब होने की बात कही तो जेडीसी ने कहा कि कब तक यही बात करोगे। अगर लेवल खराब है तो इसे सही कराओ।
जल्द से जल्द करो काम दौरे से पूर्व सुबह जेडीसी ने प्रशासनिक अधिकारियों और इंजीनियरों की ओर से शनिवार एवं रविवार को सड़क दुरूस्तीकरण के संबंध में किए गए दौरों की रिपोर्ट की समीक्षा की। जेडीसी ने अधिकारियों को जल्द से जल्द पैचवर्क पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सप्ताह के अंत तक शहर की उन सभी प्रमुख सड़कों तथा 30 सितंबर तक सभी सड़कों को ठीक करने के लिए निर्देश जारी किए।
|
|
|
|
|
|
|