जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने चोरी के वाहनों के फर्जी रजिस्ट्रेशन प्रिंट प्रारूप तैयार करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी नीरज सिंह गहलोत कृष्णा कॉलोनी जोरावर सिंह गेट व उसका सगा भाई विक्रम सिंह गहलोत जेडीए कॉलोनी बक्सावाला सांगानेर के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से 477 रजिस्ट्रेशन प्रिंट प्रारूप और फर्जी दस्तावेज बनाने के उपकरण लैपटॉप, प्रिंटर, स्कैनर आदि जब्त किए हैं।
एसपी जयपुर शहर (उत्तर) अशोक नरूका ने बताया कि सोमवार दोपहर को हरमाड़ा थानाधिकारी धर्मवीरसिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ पीपली बस स्टैंड सीकर रोड पर एक युवक खड़ा है, जिसके पास वाहनों के फर्जी दस्तावेज हैं। पुलिस वहां पहुंची तो युवक भागने लगा, जिसे पकड़ लिया गया। उसकी तलाशी ली तो बैग में 106 फर्जी रजिस्ट्रेशन प्रिंट प्रारूप व एक डीआई मेजर जीप की अर्द्धनिर्मित आरसी मिली।
नीरज की निशानदेही पर उसके भाई विक्रम को पकड़ लिया और उसके कब्जे से 121 फर्जी रजिस्ट्रेशन प्रिंट प्रारूप जब्त कर लिए। नीरज की दुकान से भी 250 वाहनों के फर्जी रजिस्ट्रेशन जप्त कर लिए। आरोपी पिछले एक साल से यह धंधाकर रहे थे और कई वाहन चोरों से उनके संपर्क हैं।
सरगना खपाता था वाहन नीरज रजिस्टे्रशन प्रिंट प्रारूप तैयार कर के नरेंद्र सिंह को देता था और एक दस्तावेज के बदले 10 हजार रूपए लेता था। नरेंद्र सिंह इन प्रिंट प्रारूपों पर आरटीओ की फर्जी मोहर लगाकर उन पर हस्ताक्षर करके फर्जी रजिस्ट्रेशन तैयार करता था। इनके आधार पर नरेंद्र सिंह चोरी के वाहनों को असली बनाकर बेचने का धंधा करता था।
|
|
|
|
|
|
|