जयपुर। नगर निगम में सीईओ का पद ग्रहण करने के बाद एलसी असवाल ने अधिकारियों को बकाया वसूली व आय अर्जित करने में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
अधिकारियों के साथ बैठक में असवाल ने कहा कि जेडीए व हाउसिंग बोर्ड की ओर से नगर निगम को सुपुर्द की गई कॉलोनियों में खाली जमीनों का चिह्निकरण किया जाए। इसके लिए राजस्व आयुक्त के.जी. गोयल, राजस्व अधिकारी शिखरचंद जैन व किशोर अग्रवाल की तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। असवाल ने इस कमेटी को सात दिन में अपनी रिपोर्ट पेश करने को कहा है। इसके बाद इन जमीनों पर निगम संपत्ति का बोर्ड लगाने के लिए अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सफाई हाजरीगाह पर शिकायत पंजीयन रजिस्टर रखा जाएगा, जिसमें आने वाली शिकायतों का स्वास्थ्य निरीक्षक निस्तारण करेंगे। स्वास्थ्य निरीक्षकों से इसकी रोजाना जानकारी ली जाएगी। असवाल ने गणेश चतुर्थी व ईद पर विशेष सफाई व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
कर्मचारियों ने किया स्वागत
नगर निगम सीईओ के पद पर शनिवार को आरएएस अधिकारी एल.सी. असवाल ने पदभार ग्रहण कर लिया। असवाल ने विश्वास दिलाया कि 15 दिन में निगम की कार्यप्रणाली में फर्क नजर आ जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों व निर्देशों की पालना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। असवाल के पदभार ग्रहण करने से पहले निगम कर्मचारियों के साथ उनके प्रशंसकों का तांता लग गया। ढोल की थाप के बीच उन्होंने पदभार ग्रहण किया। इस दौरान उन पर पुष्प वर्षा की गई और माला पहनाकर स्वागत किया गया। शाम को असवाल ने निगम अधिकारियों की बैठक ली। असवाल के आने से पहले सीईओ आर.पी. जैन को निगम अधिकारियों ने विदाई दी।
स्वच्छ जयपुर बनाएंगे
पदभार ग्रहण करने के बाद असवाल ने कहा कि जनप्रतिनिधियों के निर्देशन में शहर को स्वच्छ बनाया जाएगा। शहर को हरित करने के साथ सरकार के शहर को वल्र्ड क्लास सिटी बनाने के सपने को भी पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निगम में कई चीजें हैं, जिनका दुरूस्तीकरण करने के साथ कुछ परिवर्तन भी किए जाएंगे।
|
|
|
|
|
|
|