जयपुर । बारिश के कारण शहर में हुए गड्ढों को भरने के लिए जेडीसी सुधांश पंत ने टाइम लाइन फिक्स कर दी है। जेडीसी ने बड़े व जानलेवा गड्ढों को भरने के लिए 2 दिन, शहर की प्रमुख सड़कों को दुरूस्त करने के लिए 7 दिन और महीने के अंत तक शहर की अंदरूनी सड़कों को दुरूस्त करने का काम करने के निर्देश दिए हैं।
जेडीए में आयोजित इंजीनियरिंग शाखा और जोन उपायुक्तों की बैठक में पंत ने कहा कि शनिवार और रविवार को वरिष्ठ इंजीनियर और उपायुक्त अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों का दौरा कर टूटी सड़कों की मरम्मत का कार्य करवाएं। इस बारे में सोमवार की सुबह सभी अधिकारियों की बैठक बुलाकर उनकी ओर से किए गए कार्य की समीक्षा की जाएगी।
जेडीसी भी शनिवार और रविवार को सड़कों पर हो रहे कार्य का अचानक निरीक्षण कर सकते हैं। बैठक में निदेशक अभियांत्रिकी ओ.पी. दोराया ने बताया कि फिलहाल डामर और डब्ल्यू.बी.एम. से मरम्मत कार्य करवाया जा रहा है। नए कार्य के लिए टेंडर आमंत्रित कर लिए गए हैं और गुणवत्ता नियंत्रण के लिए तीन-चार जगहों से मिक्स मैटीरीयल मंगवाया जाएगा। इंजीनियरिंग शाखा इसकी मॉनिटरिंग भी करेगी।
|
|
|
|
|
|
|