नई दिल्ली । ब्रिटेन की प्रमुख विमान कंपनी बीएई सिस्टम ने बुधवार को भारतीय रक्षा कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड को 57 हॉक प्रशिक्षण विमानों के उत्पादन के लिए लाइसेंस देने का सौदा मंजूर किया है। इस दौरान ब्रिटिश पीएम डेविड कैमरून भी मौजूद थे।
एचएएल के अध्यक्ष एवं कार्यकारी निदेशक अशोक नायक ने कहा कि कुल 5,110 करोड़ रूपए (70 करोड़ पाउंड) के समझौते पर सहमति बनी है। इस सौदे के लिए समझौते पर हस्ताक्षर गुरूवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और ब्रिटिश प्रधानमंत्री डेविड कैमरन के उपस्थिति में किए जाएंगे। इस पूरे सौदे में से 50 करोड़ पाउंड बीएई सिस्टम्स के लिए हैं और बाकी 20 करोड़ पाउंड इंजन निर्माता रॉल्स-रॉयस के हिस्से में हैं।
इससे पहले भारतीय वायुसेना ने शुरूआत में दिए गए 66 हॉक विमानों में से 39 को अपने प्रशिक्षण विमानों के बेड़े में शामिल कर लिया है।
भारत को सलाम
कैमरून ने भारत के सुरक्षा परिषद मे स्थायी सदस्यता के दावे का समर्थन करते हुए कहा कि पूरी दुनिया भारत को सलाम करती है। यह न केवल उभरती हुई ताकत है, बल्कि एक जिम्मेदार वैश्विक महाशक्ति भी है। भारत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में स्थाई सदस्य के रूप में पद ग्रहण करे जिसका वह हकदार भी है। कैमरून ने उम्मीद जताई कि भारत और ब्रिटेन के बीच रिश्ते नई ऊंचाइयों को छू लेंगे।
मिलकर लड़ें आतंकवाद से
कैमरून ने भारत और ब्रिटेन को आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई लड़ने की वकालत करते हुए कहा कि आतंकी समूहों लश्कर-ए-तैयबा, तालिबान और हक्कानी को भारत पर हमला करने से रोका जाना चाहिए। उन्होंने इंफोसिस टेक्नोलॉजीज परिसर में अपने भाषण में कहा कि भारत की तरह ही ब्रिटेन भी ऎसे आतंकी समूहों से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है, जो अफगानिस्तान में शांति के लिए काम कर रहे सैनिकों और नागरिकों को अपना निशाना बना रहे हैं।
कैमरून ने यह भी कहा कि भारत की विदेश नीति के संदर्भ में ब्रिटेन कोई हस्तक्षेप नहीं करेगा। पाकिस्तान और अफगानिस्तान के साथ आपके जो संबंध हैं वह आपका अपना मसला है। भारत और ब्रिटेन चाहते हैं कि पाकिस्तान में स्थिरता और लोकतंत्र कायम रहे और वह आतंकवाद से मुक्त हो। दोनों देश यही चाहते हैं कि अफगानिस्तान भी पड़ोसी देशों के हस्तक्षेप से सुरक्षित रहे और दोनों देशों की सुरक्षा के लिए खतरा न बने। कैमरून गुरूवार को भारत के पीएम मनमोहन सिंह से औपचारिक मुलाकात करेंगे।
|
|
|
|
|
|
|