जब से यह खबर आई है कि पाकिस्तान की अदाकारा वीना मलिक एनडीटीवी इमेजिन के रिएलिटी शो स्वयंवर के अगले सीजन की अगली प्रतियोगी होंगी, चटखारे लेनेवालों को एक नया विषय मिल गया है। वैसे बदनाम होगे, तो क्या नाम न होगा की तर्ज पर मुंबई के भेलपूरीवाले भी इस बोल्ड बाला के नाम से अच्छी तरह से वाकिफ हैं। सच तो यह है कि वीना मलिक और विवाद एक-दूसरे के पर्याय बनते जा रहे हैं। जब से इस हॉट अदाकारा ने मुम्बई में पांव रखे हैं, तब से सुर्खियों में है...
सिने एंड टीवी आर्टिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष रजा मुराद को भी यह समझ में नहीं आ रहा है कि तमाम प्रतिबंधों के बावजूद धड़ल्ले से वह भारत में काम कर रही हैं। मुराद कहते हैं,"वीना यहां बिजनेस वीजा के तहत आती हैं। इस वीजा की अवधि 45 दिन की होती है। जिसके साथ कई शर्तें जुड़ी होती हैं। इसमें एक प्रमुख शर्त यह होती है कि जिस शहर के लिए यह वर्क परमिट दिया जाता है, आप उस शहर से बाहर नहीं जा सकते। हमने वीना को कोई वर्क परमिट नहीं दिया है, फिर भी हाल में उन्होंने अपने एक शो की शूटिंग आगरा में की है। स्वयंवर के लिए उन्हें कैसे प्रतियोगी बनाया गया है, बात हममें से किसी के पल्ले नहीं पड़ रही है।"
वीना जब से स्वयंवर के चौथे सीजन के लिए अनुबंधित हुई है, चर्चाओं का बाजार गरम है। पूर्व में इस शो की एक प्रतियोगी राखी सावंत ने भी इस चयन पर आpर्य व्यक्त किया है ,"वह भारत की नहीं हैं, इसलिए उनके स्वयंवर में कितनी अड़चने आएंगी, इसे अभी से अच्छी तरह से सोचना पडेगा। स्वयंवर जब तक अंतिम नतीजे में न पहुंचे, दर्शकों को ऎसे कार्यक्रम के साथ जोड़ना बहुत मुश्किल होता है।" उल्लेखनीय है कि राखी और इलेश परूजनवाला का स्वंयवर का परिणाम आया था, पर बाद में राखी ने कड़का कहकर अपने इस भावी पति को खारिज कर दिया था। ऎसे शो का पूरा सेट-अप कैसे रखा जाता है, इसे नए सिरे से बयां करने की जरूरत नहीं है। चैनल के एक विशेष सूत्र का भी मानना है कि कुछ खास नियमों में बांधकर ही ऎसे सारे शो तैयार किए जाते हैं। इसके दूसरे शो के प्रतियोगी राजनेता प्रमोद महाजन के पुत्र राहुल महाजन थे। बंगाल की डिम्पी के साथ स्वयंवर कर उन्होंने शादी रचाई। कुछेक विवाद के बावजूद यह शादी ऊपरवाले की मेहरबानी से अभी तक टिकी हुई है। राहुल महाजन के आचार-व्यवहार को देखते हुए यह संशय सहज तौर पर आता है। इस शो की तीसरी प्रतियोगी रतन राजपूत ने इस स्वयंवर में अपने भावी पति के रूप में अभिनव शर्मा का चयन किया है। दोनों ने छह माह बाद परिणय सूत्र में बंधने का मन बनाया है।
स्वयंवर के चौथे सीजन की शुरूआत 2012 में शुरू होगी, लेकिन इससे पहले ही सिर्फ भारत में ही नहीं, उनके देश पाकिस्तान में भी उनका जमकर विरोध शुरू हो गया है। छोटे परदे की कई तारिकाओं ने आpर्य व्यक्त किया है ,"क्या देश में अभिनेत्रियों की कमी थी, जो एक विदेशी तारिका का चयन स्वयंवर के लिए किया गया। इन दिनों सीरियल परवरिश में एक अहम रोल कर रही अभिनेत्री श्वेता तिवारी कहती हैं," यहां कई अच्छी आर्टिस्ट को अनदेखा कर पाकिस्तान के कलाकारों को टीवी शो में प्रमुखता दी जा रही है, इस पर तुरंत रोक लगनी चाहिए।" सिंठा के अध्यक्ष राजा मुराद कहते हैं,"सिर्फ सिंठा ही नहीं, फिल्मों की कई संस्थाएं काफी दिनों से यहां पाकिस्तानी कलाकारों के काम करने का विरोध कर रही हैं, मगर इस पर कोई अंकुश लग नहीं रहा है। कई चैनल मनमानी कर रहे हैं। हमने स्वयंवर में वीना मलिक को प्रतियोगी बनाने पर चैनल इमेजिन को कड़ी फटकार लगाई है। हम इसके प्रसारण पर रोक लगने का हर सम्भव प्रयास करेंगे।" दूसरी ओर एक विशेष सूत्र का कहना है कि अपनी निहायत बोल्ड इमेज के चलते स्वयंवर के लिए वीना मलिक का चयन किया गया है।
इससे पहले बिग बॉस में आकर वीना ने जो तहलका मचाया था, उसके चलते ही स्वयंवर के लिए उनका चयन किया गया है। वैसे भी इसका तीसरा सीजन बहुत फीका रहा है। टीवी आर्टिस्ट रतन राजपूत का स्वयंवर टीआरपी के बाजार में कुछ खास रंग नहीं दिखा पाया है, इसलिए अब चैनल इन सारे विवादों के साए में ही उनका स्वयंवर रचाना चाहता है। एक पाकिस्तानी ब्लॉगर अलीना डी का अपना तर्क है ," वीना ऎसी पहली मुस्लिम लड़की है, जिसने शादी जैसे रिश्ते को ग्लैमर का रंग देना चाहा है।" ठीक भी है, यदि यह स्वयंवर सफल हो भी गया, तो इसके बाद इस शादी में कितनी अड़चने आएंगी, इसका एहसास चैनलवालों के अलावा सभी को है। फिलहाल इस सारी सोच पर ही सट्टे बाजार पर अच्छा खासा दाव लगना शुरू हो गया है। -दीप्ति अनिल
|
|
|
|
|
|
|