टेली दर्शकों को छवि मित्तल का चेहरा शायद ही याद हो, मगर इसमें दर्शकों क्या गलती है। हर रोज दर्जनभर नए चेहरों से दर्शकों का पाला पड़ता है, जो चल रहा है वो याद है और जो कलाकार सालों से नहीं दिखाई दिया, वह भूली-बिसरी दास्तां बन जाता है। छोटे परदे की यही नियति है। फिर भी कुछ कलाकार ऎसे होते हैं, जिनकी छवि दर्शकों के दिलो-दिमाग में हमेशा बनी रहती है। बस, उन्हें थोड़ याद दिलाने की जरूरत होती है। छवि मित्तल भी उन्हीं कलाकारों में से एक हैं। गृहस्थी और नागिन में तो छवि को ज्यादा कुछ कर दिखाने को नहीं मिला था, मगर तुम्हारी दिशा से वो एक समय सब की चहेती बन गई थीं। हां, ये दीगर है कि उसके बाद वो कमोबेश छोटे पर्दे से दूर ही रहीं। एक लंबे अरसे के बाद छवि सहारा वन पर 23 अगस्त से शुरू होने वाले धारावाहिक "एक चुटकी आसमान" से वापसी कर रही हैं। इस धारावाहिक में छवि एक सात साल की बच्ची की मां का रोल कर रही हैं,जो एक तरह से भावनात्मक भूमिका है। छवि कहती हैं, "मै एक चुटकी आसमान को लेकर बहुत उत्साहित हूं। इस रोल में मुझे अपनी कार्यकुशलता दिखाने का पूरा अवसर मिलेगा। धारावाहिक का आधार मैं और मेरी बेटी के बीच का रिश्ता है ।" छवि इधर सिर्फ धारावाहिक ही नहीं, रिएलिटी शो का भी हिस्सा बनना चाहती हैं। अब देखना यह है कि उन्हें किस रिएलिटी शो में अपने जलवे दिखाने का मौका मिलता है। छवि कहती हैं, "असल में रिएलिटी शो आपको मौका देता है कुछ हटकर करने का। इसीलिए मेरी बड़ी इच्छा है कि मैं कोई और रिएलिटी शो करूं।" गौरतलब है कि छवि इससे पहले सहारा वन के रिएलिटी शो "झूम इंडिया" और "सास-बहू" में नजर आ चुकी हैं। -डी पॉल
|
|
|
|
|
|
|