|
कैटरीना कैफ के लिए पिछला साल बहुत सुखद रहा है। उनकी दोनों फिल्में जिंदगी मिलेगी ना दोबारा और मेरे ब्रदर की दुल्हन ने बॉक्स ऑफिस में अच्छा कलेक्शन किया। अब इस साल उनकी दो फिल्में एक था टाइगर और यश चोपड़ा की अनाम फिल्म रिलीज होगी। ये दोनों ही फिल्में साल के अंतिम माह में रिलीज होंगी। इससे पहले अग्निपथ के आयटम नम्बर चिकनी चमेली ... में उनका जलवा दर्शकों को सम्मोहित कर रहा है। लगभग एक दशक के अपने कॅरियर में उन्होंने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इन वर्षों में खुद कैटरीना ने भी लगातार अपने आपको इम्प्रूव करने में कोई कमी नहीं बरती है। बहुत समझदारी के साथ एक-एक कदम रखकर हर बड़े बैनर में अपना दबदबा बनाया है। यशराज जैसे बड़े बैनर की तीनों बड़ी फिल्मों की वह नायिका हैं। कभी उन्होंने कहा था कि उनका मन आमिर के साथ काम करने के लिए मचल रहा है। अब उनकी यह इच्छा भी पूरी हो चुकी है। इस साल के अंत में शुरू होने वाली इस बैनर की फिल्म धूम-3 में आमिर खान उनके हीरो होंगे। इन दिनों वह सलमान के प्रभुत्व से पूरी तरह मुक्त हो चुकी हैं।
|
|
|
|
|
|
|