जयपुर। 12 नवम्बर से चीन के गुआंगजोऊ शहर में शुरू होने वाले 16वें एशियन गेम्स की ऑफिशियल मूवी की शूटिंग शनिवार को जयपुर में हुई। कबड्डी पर बनने वाली इस फिल्म में शहर के अर्जुन अवॉर्ड विजेता नवनीत गौतम की लाइफ स्टाइल और फैमिली को शूट किया गया। चीन के प्रोडक्शन हाउस सीसीटीवी के आठ सदस्यों के इस ग्रुप ने यह शूटिंग नवनीत गौतम के घर पर की। इस मौके पर टीम की मेम्बर ने नवनीत गौतम और उनके माता-पिता का इंटरव्यू लिया। यह पूरा इंटरव्यू टीम की ओर से शूट किया गया है। इंटरव्यू के दौरान नवनीत ने बताया कि वे अपने पिता को अपना आइडियल मानते हैं। पिता और चाचा से ही उन्होंने कोचिंग लेकर आज कबड्डी में यह पॉजिशन हासिल की है। आने वाले एशियन गेम्स में वे टीम को लीड कर रहे हैं, उन्हें इसकी बहुत खुशी है और वे इस बार फिर से अपने गेम से इंडिया का नाम रोशन करेंगे। इंटरव्यू में नवनीत के माता-पिता ने बताया कि वे अपने बेटे के अचीवमेंट से बहुत खुश है और इस बार भी वह देश का नाम रोशन करेगा, इसकी उन्हें उम्मीद है। इंटरव्यू के बाद नवनीत के जीते हुए विभिन्न अवॉर्ड भी टीम ने शूट किए। साथ ही घर के पास स्थित धूलेश्वर महादेव मन्दिर को भी इस टीम ने अपनी लोकेशन बनाया।
तीन खिलाड़ी ही शामिल कबड्डी पर बन रही इस फिल्म की शूटिंग की शुरूआत 19 जुलाई को भोपाल में हुई। भोपाल में चल रहे इंडियन कैम्प में सभी प्लेयर्स और उनकी ट्रेनिंग को शूट किया गया। फैडरेशन की ओर से तीन सीनियर खिलाडियों का चयन किया गया। इन खिलाडियों की लाइफ स्टाइल और किस तरह वह इस मुकाम पर पहुंचे, इसकी शूटिंग की गई है। इस ग्रुप में दिल्ली के अनुप और राकेश के साथ ही जयपुर के नवनीत का चयन हुआ। यह ग्रुप जयपुर आने से पहले दो दिन दिल्ली में रहकर वहां की शूटिंग पूरी करके लौटा है।
पहली बार कबड्डी शामिल हर बार एशियन गेम्स के आयोजन से पहले कुछ खेलों की ऑफिशियल मूवी बनाई जाती है। पहली बार ऎसा हुआ है, जब किसी एशियन गेम की ऑफिशियल मूवी में कबड्डी को शामिल किया गया है। यह मूवी इंटरनेशनल ओलम्पिक कमेटी के पास रिकॉर्ड के रूप में रहेगी। टीम की ओर से शनिवार शाम को चौगान स्टेडियम में शूटिंग करने की प्लानिंग थी, लेकिन ग्रुप की एक सदस्य की तबीयत बिगड़ने के कारण यह शूटिंग कैंसिल हो गई। नवनीत किस ग्राउंड पर और किस तरह से प्रैक्टिस करते, यह सभी शूटिंग स्टेडियम में होना तय किया गया था, लेकिन टीम शाम को दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
|
|
|
|
|
|
|