|
जयपुर। सतरंगी रोशनी, मधुर संगीत के बीच जब नव कोपलों ने चित्रकूट वैशाली नगर स्थित भाभा पब्लिक स्कूल के सभागार में पूरे जोश खरोश के साथ विविध मनमोहक रगारंग प्रस्तुतियां दी तो सभागार निरन्तर तालियों से गूंजता रहा। सभागार में उपस्थित दर्शकों ने बच्चों की बाल सुलभ अदाओं के साथ उनकी अठखेलियों का भी जमकर आनन्द लिया। कार्यक्रम की शुरूआत ईटीवी राजस्थान के स्टेट हैड जगदीश चन्द्र ने दीप प्रज्जवलित कर की। समारोह में बच्चों ने अपनी शानदार प्रतिभा का परिचय देते हुए "म्हारे हिवणा रो पावणा" और "पधारो म्हारे देश" की प्रस्तुति से जमकर तालियां बटोरी। माहौल में देश भक्ति का रंग भरते हुए बच्चों ने जैसे ही "ऎ मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी" गीत सुनाया तो उपस्थित लोगों की आंखें नम हो गई और उनका रोम रोम खड़ा हो गया। स्कूल के द्वारा सिखाए माता पिता के प्रति सम्मान को दर्शाते हुए बच्चों ने "यह तो सच है कि भगवान है" को इतनी शिद्यत से गाया कि उपस्थित लोग तारीफ किए बगैर नही रह सके। समारोह में पंजाब की मिट्टी की सौंधी खूशबू का अहसास दिलाते हुए बच्चों ने "ढोल बज दा" पर अपने नृत्य से चार चांद लगा दिए। भक्ति का रंग भरते हुए बच्चों ने जहां मां शेरोवाली पर दर्शकों को ध्यान खींचा वही नृत्य नाटिका केवट प्रसंग में भक्त और भगवान की मार्मिक कथा को खूबसूरती से उजागर किया और लोग भाव में बहकर उस धारा में बह उठे। स्कूल के चेयरमैन एस.के शर्मा ने स्कूल की होने वाली वार्षिकगतिविधियों को बताया वही प्रिसिंपल डॉ सुषमा शर्मा ने सभी का आभार व्यक्तकिया। समारोह में विधायक राजपाल सिंह शेखावत, जंतर मंतर के अधीक्षक ओमप्रकाश शर्मा, पूर्व यातायात मंत्री युनूस खान, उपस्थित थे।
|
|
|
|
|
|
|