वाशिंगटन। अमेरिकी बाजार डाओ जोंस और नेस्डैक करीब 1.5 फीसदी की बढ़त पर बंद हुए। खास बात यह रही कि नेस्डैक 11 साल के उच्चतम स्तर पर जा कर बंद हुआ। डाओ जोंस भी साल 2008 के बाद अपने सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। सरकारी नौकरी के आंकड़ों से अमेरिकी बाजारों सहारा मिला, जिसके बाद डाओ जोंस 12,800 और नेस्डैक 2,900 के ऊपर बंद हुए। इस पूरे हफ्ते के दौरान डाओ जोंस में 1.5 फीसदी, नेस्डैक 3 फीसदी और एसएंडपी 500 इंडेक्स में 2 फीसदी से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली है। वहीं एसएंडपी 500 के सभी 10 सेक्टर पॉजिटिव बंद हुए और सबसे अधिक बढ़त फाइनेंशियल और टेक्नोलॉजी के शेयरों में देखने को मिली है।
रोजगार में सुधार अमेरिका में जनवरी 2012 में रोजगार वृद्धि की दर पिछले नौ महीने के रिकॉर्ड स्तर पर रही, वहीं दूसरी ओर बेरोजगारी तीन वर्ष के न्यूनतम स्तर पर देखी गई। मंदी से बुरी तरह प्रभावित हुई अमेरिकी अर्थव्यवस्था और राष्ट्रपति बराक ओबामा दोनों के लिए यह बड़ी राहत भरी खबर है। अमेरिकी श्रम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में गैर कृषि क्षेत्र में नौकरियों की संख्या बढ़कर 2 लाख 43 हजार रही, जबकि इसके डेढ़ लाख के आसपास रहने की उम्मीद लगाई गई थी।
रोजगार वृद्धि में औद्योगिक गतिविधियो में आई तेजी का अहम योगदान रही, लिहाजा सबसे ज्यादा नौकरियों के अवसर इस क्षेत्र में ही रहे। समीक्षाधीन अवधि में बेरोजगारी की दर भी फरवरी 2009 के 8.5 प्रतिशत से फिसलकर 8.3 प्रतिशत पर आ गई।
|
|
|
|
|
|
|