शाहरूख खान की यस बॉस देखी है ना आपने। बॉस को खुश करने के लिए किसी भी काम को करने के लिए तत्पर रहने वाली प्रवृत्ति यानी यस बॉस का फंडा तरक्की के लिए बेहद जरूरी है। मैं यह काम कर सकती हूं या कोई भी काम कर सकती हूं, ऎसा एटीट्यूड होना जरूरी है।
यस वुमन बनने के लिए याद रखें कि यह केवल एक शब्द नहीं है, यह उत्साहजनक रवैया है। हर कहीं बॉस ऎसे ही हैं जिन्हें ऎसे लोग चाहिए जिन पर वे भरोसा कर सकें, जो कि जरा ज्यादा चलने से घबराएं नहीं और नए चैलेंज स्वीकार कर सकें। जो सिर्फ इतना ही न कहें कि मैं निश्चित रूप से ऎसा कर पाऊंगी, बल्कि मुखिया के तौर पर उभरें और कमिटेड नजर आएं। यस बॉस को अपना सूत्रवाक्य बनाकर देखिए कि कैसे सफलताएं आपके नाम होती जाएंगी।
ना से किनारा आपके बॉस ने आपको कोई ऎसा काम करने के लिए कहा है, जो आपको नहीं आता। ऎसे में सीधे तौर पर ना कहने की बजाय आप कुछ ऎसा कह सकती हैं, मैं नहीं जानती कि यह काम कैसे किया जाता है या मैं इसमें एक्सपर्ट नहीं हूं, फिर भी मेरी कोशिश रहेगी कि मैं बेहतर तरीके से इस काम को पूरा कर सकूं। सतही तौर पर ना कह देने की बजाय नम्रता के साथ पेश आएं और नया काम करने का जोखिम लें। अगर आपको फोटोशॉप में काम करने के लिए कहा है और अभी आप उस बारे में नहीं जानती तो थोड़ा समय मांगे ताकि आप समझ सकें।
सबकी ना आपकी हां बॉस किसी प्रोजेक्ट को शाम के पांच बजे तक पूरा कर लेना चाहते हैं और ऑफिस में हर कोई इस काम से कन्नी काट रहा है। आप मुस्कुराहट के साथ पेंसिल और कागज लें और अपनी प्लानिंग लिख डालें। बॉस को दिखाएं, इस समय बॉस के लिए आप वो शख्स हैं, जिसने तब किसी काम की जिम्मेदारी ली है जब कोई भी तैयार नहीं हो रहा।
आप मुश्किल दौर में उनके साथ हैं। इसी तरह से जब ऑफिस पिकनिक हो तो आप उन लोगों की कतार में शमिल मत होइए जो सुविधाजनक काम चुनते हैं, जैसे अपने साथ पेपर नैपकीन्स ले आना या प्लास्टिक प्लेट्स। आप वालन्टिर बनें और कोई ऎसा काम अपने जिम्मे लें, जो कोई और न कर सकें। अरेंजमेंट करना, गेम्स करवाना या तब तक वहां रूके रहना जब तक की सारा काम पूरा न हो जाएं। अगर पार्टी के लिए फंड कलेक्ट करना है तो वो भी करें, इस काम को करना कोई पसंद नहीं करता और सारी चीजें फंड से ही मैनेज होनी हैं। ऎसे में आपको वो लोग भी जानने लगेंगे जिनसे अभी तक परिचय नहीं हुआ है।
नजरें उनके काम पर बहुत से कर्मचारी ऎसा ही करते हैं, अपना तात्कालिक काम पूरा किया और चल दिए घर के लिए। अगर आप तरक्की पसंद हैं तो इस आदत से बचिए। अपना काम पूरा करने के बाद अपने सीनियर को मदद की पेशकश कीजिए। उनके काम में दिलचस्पी लें और उसे पूरा करवाने में सहयोग दें। इसका दोहरा फायदा आपको मिलेगा, एक तो आप सीनियर्स के काम को समझने लगेंगी और दूसरे उनकी नजर में आपकी वैल्यू भी बढ़ जाएगी।
थोड़ा ज्यादा प्रयास कोई भी शख्स ऎसा नहीं होगा जो अपने खुशनुमा वक्त को बर्बाद करना चाहेगा, लेकिन बॉस की नजरों में बेस्ट वर्कर वो ही है, जो तब तक ऑफिस में रूक कर काम करें, जब तक की काम पूरा न हो जाए। जब काम पूरा करने की समय सीमा खत्म होने वाली हो और आपके बॉस को ऎसे साथियों की जरूरत हो जो उन्हें पूरा सहयोग करें तब आपको भी चाहिए कि आप उनकी मदद करें। ड्यूटी का वक्त पूरा होने के बाद भी रूके रहें। अतिरिक्त जिम्मेदारियां लीजिए और अतिरिक्त अंक अपने खाते में दर्ज होने दीजिए।
मदद की पेशकश अगर आपके कलीग्स आपसे मदद मांगे तो बेझिझक खुशी-खुशी आप उनकी मदद के लिए तैयार हो जाइए। टीम प्लेयर के रूप में आपको प्रतिष्ठा हासिल होगी, किसी एक ऎसे शख्स की जरूरत हमेशा ही होती है जो काम को पूरा करने में मदद करें। अपने साथियों की मदद करने के बहाने आप भी कुछ चीजें सीख ही जाएंगी या यूं कहें कि उनके कुछ गुर भी चुरा ही लेंगी। एक टीम मेंबर के रूप में जब आप अलग-अलग चीजों में दक्ष होंगी तब एक सफल टीम लीडर का रोल भी निभा सकेंगी।
हां के लिए तत्पर ना से बचने के लिए आप दूसरे की हां का इंतजार करती हैं तो इस प्रवृत्ति से बचने की जरूरत है। यह दूसरी यस गर्ल आपसे उन अवसरों को छीन रही है जो आपको आगे चलकर फायदा दिलाने वाले हैं। यस कहने का अवसर अपने हाथ से ना जाने दीजिए।
पूछिए इस बारे में ऑफिस में व्यस्त रहें, उन बातों पर भी चर्चा करें, जिन्हें दूसरे नजरअंदाज करते हैं। जब आपके कलीग्स चेटिंग या कॉफी ब्रेक में व्यस्त हों तो आप इन फिजूल बातों में समय न गंवाएं और कुछ काम की बातें सोचें। अपनी दिलचस्पी दिखाएं कुछ नए कामों में ताकि उसका फायदा आपकी कंपनी को मिल सके। आप कंपनी के लिए कितने मूल्यवान हैं, यह जताने का अच्छा अवसर है।
कनिका गुरू
|
|
|
|
|
|
|