जोधपुर । रेल टिकट के लिए लंबी कतारों से तंग लोगों के लिए खुशखबरी। राज्य के चार शहरों में मोबाइल वैन से गली-मोहल्लों में घूमकर आरक्षित व अनारक्षित टिकट बांटने की रेलवे की "मुश्किल आसान योजना" जल्द शुरू होने वाली है। इन शहरो में जोधपुर, जयपुर, अजमेर व बीकानेर के कोलायत शामिल हैं। रेल मंत्रालय ने इसे कोलकाता व दिल्ली में प्रायोगिक तौर पर लागू करने के बाद अब अन्य शहरों में शुरू करने का निर्णय लिया है। इस सुविधा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
बजट मे की थी घोषणा
रेलमंत्री ममता बनर्जी ने बजट भाषण में घोषणा की थी कि यात्रियों को उनके घर के नजदीक ही टे्रनों के टिकट उपलब्ध कराने के लिए जीपीआरएस तकनीक से संचालित मोबाइल वैन चलाई जाएगी। यात्री को आरक्षण केन्द्र की तरह इस वैन में लगे कम्प्यूटर से आरक्षित व अनारक्षित टिकट जारी किए जाएंगे। इस सेवा के लिए किसी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं लगेगा। वैन को सुबह दस या साढ़े दस बजे से छह घंटे के लिए ही संचालित किया जाएगा। सुविधा सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध होगी जबकि रविवार को रखरखाव के लिए इसे बंद रखा जाएगा।
सबसे पहले जयपुर में
उत्तर-पश्चिम रेलवे जोन में जोधपुर, जयपुर, अजमेर व बीकानेर के कोलायत यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यालय के माध्यम से सभी मण्डलों को इस बारे में निर्देश भेज दिए गए हैं। पहले इस वैन को जयपुर में शुरू किया जाएगा, उसके बाद अन्य तीनों शहरों के लोगों को यह सुविधा मिलेगी।
|
|
|
|
|
|
|