जयपुर। निकाय चुनाव की तैयारी में जुटी प्रदेश कांग्र्रेस के लिए एक सीडी मुसीबत बन गई है। हाल ही संपन्न पंचायत चुनावों में कथित लेनदेन का एक ऎसा स्कैंडल इस सीडी से सामने आया है, जिसमें पार्टी के एक वरिष्ठ नेता पर टिकट के बदले 50 लाख रूपए लेने का सीधा आरोप है। मामला है महुआ (दौसा) पंचायत समिति के प्रधान पद पर हुए चुनाव का। कुल 23 सदस्यीय इस पंचायत समिति में कांग्र्रेस के 14 सदस्य जीतने के बाद भी पार्टी का प्रधान नहीं बन सका। प्रदेश उपाध्यक्ष व विधानसभा में पूर्व मुख्य सचेतक हरिसिंह महुआ पर कांग्र्रेस के महुआ से प्रधान पद के प्रत्याशी गिरधारी लाल बोहरा ने सीधे-सीधे आरोप लगाया है कि उन्हें पार्टी सिंबल देने व जिताने के लिए हरिसिंह ने 50 लाख रूपए लिए थे।
बोहरा व हरिसिंह के बीच लेन-देन की बातचीत तथा दौसा जिला कांग्र्रेस अध्यक्ष सावित्री सैनी से हस्तक्षेप करने संबंधी फोन पर वार्तालाप की सीडी "डेली न्यूज" के हाथ लगी है। बोहरा का कहना है कि हरिसिंह ने दौसा सांसद किरोड़ीलाल मीणा से सांठगांठ करके उन्हें प्रधान पद पर हरवाया।
उन्होंने इस पद पर किरोड़ी के भतीजे राजेन्द्र मीणा को आसीन करवा दिया। बोहरा ने आरोप लगाया है कि प्रधान के चुनाव से पहले उन्होंने जयपुर के एक होटल में हरिसिंह महुआ को 50 लाख रूपए दिए थे। हरिसिंह ने जीत तय होने का उन्हें भरोसा दिलाया। इसके बाद हरिसिंह ने अपने बेटे अजीतसिंह को जिला प्रमुख बनवाने और किरोड़ीलाल मीणा के भतीजे राजेन्द्र को महुआ प्रधान बनवाने के लिए सांठगांठ कर ली। बोहरा बताते हैं कि जब मामला ज्यादा उठा तो हरिसिंह 14 लाख रूपए लौटा दिए, मगर 36 लाख रूपए अब तक भी वापस नहीं किए। बोहरा ने कहा कि उन्होंने खुद व दौसा जिला कांग्र्रेस अध्यक्ष सावित्री सैनी के जरिए हरिसिंह के लेन-देन संबंधी शिकायत प्रदेश कांग्र्रेस अध्यक्ष, मुख्यमंत्री तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचाई है, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ...
.............................................. सीडी में बोहरा, सावित्री सैनी और हरिसिंह महुआ के बीच वार्तालाप के प्रमुख अंश सावित्री - प्रधानी के चुनाव में आपके 50 लाख रूपए खर्च हो गए। बोहरा - हरिसिंह महुआ ने लिए। सावित्री - मतलब 50 लाख रूपया हरिसिंह महुआ ने ले लिया और प्रधानी भी नहीं मिली आपको। बोहरा - यह बात है मैडम, साहब हरिसिंह महुआ ने तो ऎसी हालत बिगाड़ी है कि हमें तन और धन दोनूंन से खो दिया हरिसिंह ने। सावित्री - रूपया भी हरिसिंह ने ले लिया जूता भी पड़वा दिया और वोट भी कोन मिलया। बोहरा - और हरिसिंह ने किसी भी सदस्य को पैसे नहीं दिए सारे के सारे पचास लाख अपने घर में रख लिए थे। इसी कारण पंचायत समिति सदस्यों ने साफ-साफ कह दिया कि बोहराजी हमें तो हरिसिंह ने एक भी रूपया नहीं दिया, हम तो आपको वोट नहीं देंगे।
बोहरा - गिरधारीलाल बोहरा बोल रहा हूं। हरिसिंह महुआ - अरे तू को ठीक होकर आजा बात कर लेंगे बैठकर। गांव आएगा तभी तो बात करेंगे। बोहरा - अरे मैं तो तू कह दे तो रात में उठकर ही आ जाऊंगा। हरिसिंह - पैसे वाला भ्रम भी मिटा देंगे, कल आजा। बोहरा - पैसा मिल जाए तो आ जाऊं भाई। हरिसिंह - मैंने तेरा बेटा जसवंत बुला लिया है हिसाब करेंगे बैठकर। बोहरा - ठीक है महाराज, कांग्र्रेस के सिंबल के लिए जो 50 लाख लिए उन्हें लौटा देना साहब। हरिसिंह - हां देख लेंगे।
पीडित बोहरा से बातचीत...
प्र.- आप महुआ से प्रधान का चुनाव लड़े, बहुमत के बाद भी हार क्यों गए? बोहरा - मेरे संग तो चोट हो गई। हरिसिंह महुआ ने सिंबल के नाम पर 50 लाख रूपैया भी ले लिए और किरोड़ी से मिलके चुनाव भी हरवा दियौ। प्र.- आप हरिसिंह महुआ पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं क्या सबूत है? बोहरा - पैसे की लेन-देन की जो फोन पर बात हुई और वापस मांगने की बात है वो रिकॉर्ड है सीडी में सुन लो। प्र.- आपने इस मामले में पार्टी में शिकायत की है? बोहरा - महाराज सब जगह की है, मगर कोई सुने ही कौन। जिलाध्यक्ष सावित्री से भी कही, ऊपर तक बात पहुंचाई पर हुओ कछू नाय। प्र.- पैसे वापस के लिए आपने बात नहीं की? बोहरा - जिससे भी आस जगी, वाई तै बात की। मगर बात नाय बनी। हरिसिंह ने 14 लाख रूपैया तो लौटा दिए, पर 36 लाख देने के लिए मना कर दियो।
इस बारे में हरिसिंह महुआ से बातचीत के लिए कई बार उनके मोबाइल और लैंडलाइन नंबर पर संपर्क किया गया लेकिन एक बंद आया तो दूसरे पर किसी ने कॉल रिसीव नहीं की।
मुझसे बोहरा ने टिकट के बदले हरिसिंह महुआ द्वारा 50 लाख रूपए लेने की बात कही। मुझसे जो शिकायत की गई उसे कांग्र्रेस प्रदेशाध्यक्ष व ऊपर तक पहुंचा दिया है। अब आगे का काम पार्टी जाने। -सावित्री सैनी, जिला कांग्र्रेस अध्यक्ष, दौसा
महुआ पंचायत समिति में प्रधान चुनाव में लेनदेन संबंधी मामला हमारी जानकारी में नहीं आया है। आएगा तो देखते हैं क्या कार्रवाई करें। - मुमताज मसीह, प्रदेश कांग्र्रेस मुख्यालय प्रभारी महामंत्री
|
|
|
|
|
|
|