जयपुर । आधी-अधूरी तैयारी के साथ शनिवार को बी-2 बाइपास भारी वाहनों (ट्रक) के लिए खुलेगा। उच्च न्यायालय ने बी-2 बाइपास से भारी वाहनों का संचालन शुरू करने से पहले न्यू सांगानेर रोड चौड़ा करने तथा सर्विस रोड बनाने के निर्देश दिए थे, लेकिन नगर निगम ने अपने क्षेत्राधिकार में द्वारकादास पार्क की दीवार को हटाने के अलावा कोई कार्य नहीं किया। बी-2 बाइपास से ट्रकों का संचालन शुरू होने के साथ ही गोपालपुरा बाइपास व सांगानेर कस्बे के लोगों को ट्रकों से राहत मिल जाएगी। यातायात पुलिस ने शुक्रवार को बी-2 बाइपास पर 5 जगह तथा न्यू सांगानेर रोड पर 8 स्थानों पर बेरिकेड लगाकर डिवाइडर के 8 कट बंद किए। दूसरी ओर बी-2 बाइपास पर हैवी ट्रैफिक होने से दुर्घटनाएं भी बढ़ने का अंदेशा बन गया है, पहले भी इस मार्ग पर कई हादसे हो चुके हैं।
उच्च न्यायालय ने करीब दो माह पहले जेडीए, नगर निगम व राजस्थान आवासन मण्डल को अपने क्षेत्राधिकार में सड़क विकास कार्य करने के लिए कहा था। इसके तहत जेडीए ने क्षेत्राधिकार में टोंक रोड, ईपी चौराहे से द्वारकादास पार्क चौराहे तक सर्विस रोड बनाने तथा सड़क के डामरीकरण का काम पूरा कर लिया। राजस्थान आवासन मण्डल ने मानसरोवर कार्यालय की दीवार को हटा दिया। विद्युत विभाग ने भी कुछ खंभे हटा लिए, लेकिन जयपुर नगर निगम ने द्वारकादास पार्क की दीवार को हटाने के अलावा अपने क्षेत्राधिकार में सड़क चौड़ी करने और सर्विस रोड बनाने का काम ही नहीं किया। क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। सर्विस रोड नहीं बनने से विद्यार्थियों के अलावा कॉलोनियों का ट्रैफिक मुख्य सड़क पर आएगा।
दर्जन भर से ज्यादा रोड कट बंद किए
ट्रकों के संचालन को लेकर यातायात पुलिस ने रात तक डिवाइडरों के कट बंद करने को लेकर बेरिकेड लगाए। ईपी चौराहे से न्यू सांगानेर रोड टी तक पांच स्थानों पर डिवाइडर कट बंद किए हैं। इसके अलावा न्यू सांगानेर रोड पर टी से लेकर किसान धर्मकांटा तक आठ से अधिक स्थानों पर डिवाइडर कट बंद किए। पत्रकार कॉलोनी जाने वाले चौराहे पर कट की चौड़ाई कम करने से यातायात अवरूद्ध हो गया। अचानक यातायात पुलिस की ओर से कट बंद करने के कारण मानसरोवर के लोगों को सड़क पार करने के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ा।
मानसरोवरवासियों में रोष
बी-2 बाइपास को भारी वाहनों के लिए खोला तो जा रहा है, लेकिन न्यू सांगानेर रोड के दोनों ओर क्रॉसिंग के लिए कोई खास व्यवस्था नहीं करने से लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि इस निर्णय से क्षेत्र में दुर्घटनाएं बढेंगी, खास तौर से न्यू सांगानेर रोड को क्रॉस कर स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी होगी। विजय पथ निवासी सोमनाथ शर्मा ने बताया कि न्यू सांगानेर रोड को चौड़ा करने का काम पहले तेज गति से चल रहा था, लेकिन कई महीनों से यह बंद पड़ा है। सड़क को ठीक किए बिना ही इसे भारी वाहनों के लिए खोला गया तो लोगों की परेशानी बढ़ जाएगी। पटेल मार्ग के व्यापारी दिलीप ने बताया कि आबादी बढ़ने के साथ ही न्यू सांगानेर रोड पर पहले से ही वाहनों की काफी रेलमपेल रहती है, ऎसे में यहां से ट्रक गुजरेंगे तो ज्यादा दुर्घटनाएं होंगी। गृहिणी प्रियंका ने बताया कि काफी संख्या में बच्चे न्यू सांगानेर रोड को पार कर टीपीएस, कैम्ब्रिज कोर्ट, केंद्रीय विद्यालय, आईआईएस, सेंट विलफ्रेड, सेंट एंसलम सहित कई स्कूलों में जाते हैं। भारी वाहनों का आवागमन बढ़ने से बच्चों के स्कूल से घर लौट आने तक चिंता बनी रहेगी। इसी तरह कई लोगों ने अव्यवस्थाओं के बीच लिए गए इस निर्णय को गलत बताया।
काली पट्टी बांधकर करेंगे विरोध
जवाहर सर्किल पर 528 पेड़ों के काटने की जेडीए की योजना का श्री कल्पतरू संस्थान की ओर से विरोध किया जा रहा है। आंदोलन के संयोजक विष्णु लांबा ने शुक्रवार को बताया कि 31 जनवरी को सुबह 11 बजे पेड़ों की कटाई के विरोध में जवाहर सर्किल पर सिर पर काली पटि्टयां बांधकर प्रदर्शन करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को ज्ञापन भी देंगे।
|
|
|
|
|
|
|