बेबो यानी करीना कपूर को आज बॉलीवुड में एक दशक से अधिक का समय हो चुका है। वह आज भी निर्माता-निर्देशकों की पसंदीदा अभिनेत्री हैं। कभी अपने साइज जीरो के लिए तो कभी सैफ अली खान के साथ अपने संबंधों के लिए चर्चा में रही करीना लगभग सभी बड़े हीरोका के साथ फिल्में कर चुकी हैं। वह शाहरूख खान के साथ आई अपनी फिल्म "रॉ-वन" की विफलता से जरा भी विचलित नहीं हैं। पेश हैं उनसे बातचीत के अंश-
अभिनेत्री के तौर पर अपने सफर के दौरान कौन-से छोटे-छोटे लम्हे गुजरे जिन्हें आप सहेज कर रखना चाहेंगी? मैं यहां बने अपने सभी दोस्तों को चाहती हूं। मुझे करण जौहर और रोहित शैट्टी पसंद हैं मुझे सलमान खान तथा अजय देवगन के साथ काम करना अच्छा लगता है। मुझे "गोलमाल" सीरीज से प्यार है। तुषार कपूर कई वर्षो से मेरा दोस्त है। सैट्स पर बीते असंख्य लम्हों को मैं सहेजकर रखना चाहूंगी। काजल के साथ "वी आर फैमिली" करके बहुत आनंद आया। फिल्म चाहे चली नहीं पर काजल के साथ काम करना यादगार रहा।
शाहरूख, आमिर तथा सलमान जैसे बड़ी उम्र के सितारों और इमरान खान जैसे युवा सितारों में कैसा अंतर महसूस करती हैं? चाहे आमिर हों, शाहरूख हों, सलमान हों, अक्षय हों या सैफ, सभी करिश्मा के को-स्टार रहे हैं। वे सभी मुझे तब से जानते हैं जब मैं सिर्फ 9 वर्ष की थी। दूसरी ओर इमरान के साथ मेरा निजी रिश्ता है। वह बहुत ही अच्छे इन्सान तथा शानदार अभिनेता हैं। वह किसी भी किरदार में ताजगी भर देते हैं। वह मेरे साथ फिल्म "एक मैं और एक तू" कर रहे हैं। इसके लिए इमरान से बेहतर कोई नहीं हो सकता था। मुझे उनके साथ शूटिंग करने में मजा आता है क्योंकि मुझे उससे बातें करना अच्छा लगता है।
क्या इमरान के मामा आमिर के साथ रीमा कागती की फिल्म के लिए भी ऎसा ही सोचती हैं? जब मैं आमिर के साथ होती हूं तो बात थोड़ी अलग होती है। उनके साथ मैं अधिक सहज होती हूं। हम बैठते हैं, बातें करते हैं और खूब हंसते हैं लेकिन वह आमिर खान हैं-एक बड़े स्टार और मैं उनकी बहुत बड़ी फैन हूं।
रीमा कागती की "धुआं" आपकी आमिर के साथ दूसरी फिल्म है। यह "धुआं" नहीं है। यह एक थ्रिलर है जिसका नाम अभी रखा नहीं गया।
अक्षय कुमार अभिनीत मिलन लूथरिया निर्देशित "वन्स अपॉन ए टाइम इन मुम्बई" के सीक्वेल का भी हिस्सा हैं? अभी तक मैंने स्क्रिप्ट नहीं पढ़ी है और मिलन भी "द डर्टी पिक्चर" में व्यस्त हैं। जब मैं स्क्रिप्ट पढ़ लूंगी तब बता दूंगी कि मैं यह फिल्म कर रही हूं या नहीं।
आप मधुर भंडारकर की "हीरोइन" को लेकर काफी उत्साहित हैं? यह काफी रोचक होगा क्योंकि यह किसी भी अभिनेत्री के लिए ड्रीम रोल होगा। करियर के इस स्टेज पर यह मेरा श्रेष्ठ फैसला है क्योंकि इस फिल्म के माध्यम से मुझे अपनी नाटकीय क्षमताओं को सामने लाने का मौका मिलेगा जो पहले कभी नहीं हुआ।
|
|
|
|
|
|
|