किसी भी अवॉर्ड का इतिहास तब बनता है, जब वह सारी बाधाओं, विरोधाभासों, विसंगतियों और विवादों को चीरकर आगे बढ़ता है। कहना न होगा कि आईफा (इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी अवॉर्ड) ने अपने एक दशक के सफर में जो मुकाम हासिल किया है, वह उम्मीदों भरा है। इसमें निश्चित रूप से पूरी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का योगदान रहा है, लेकिन इसमें सबसे बड़ी भूमिका अमिताभ बच्चन ने निभाई है। आईफा और बच्चन एक-दूसरे के विकल्प बन गए हैं। बीच-बीच में चर्चा चलती रहती है कि अब आईफा के ब्रांड एंबेसेडर के रूप में शाहरूख खान अवतरित होने वाले हैं। खैर, इस बार की अच्छी खबर यह है कि वर्ष 2005 के अवॉर्ड के बाद अनुपस्थित रहे शाहरूख कोलंबो में मौजूद रहेंगे। जी हां, आईफा का 11वां अवॉर्ड समारोह इस बार कोलंबो में होने जा रहा है। समुद्र के किनारे बसा यह शहर अपनी खूबसूरती के लिए विख्यात है। रिश्ते का नया सेतु... श्रीलंका भारत का पड़ोसी मुल्क है। दोनों के बीच प्राचीनकाल से रिश्ते रहे हैं, जिसे अब तक लोग राम-रावण के रूप में देखते रहे हैं, मगर राम-विभीषण का भी एक अलौकिक संबंध विकसित था। भले शूर्पणखा की नाक काटकर उसे खलनायिका के तौर पर देखा जाता रहा हो, मगर लक्ष्मण के प्रति उसकी आसक्ति के पीछे कहीं-न-कहीं प्रेम का भी बीज अंकुरित था। भारत-श्रीलंका के बीच कभी राम की वानर सेना ने एक पुल भी तैयार किया था, जो युद्ध के लिए था, लेकिन अब आईफा एक नया सेतु तैयार कर रहा है, जो दोनों देशों के बीच संबंधों का नया इतिहास लिखेगा। इसमें तमिल-सिंहली की दुश्मनी में दोस्ती का नया पन्ना भी जुड़ सकता है। श्रीलंका के आर्थिक विकास मंत्री लक्ष्मण यापा ने कथित तौर पर कहा कि आईफा का कोलंबो में आयोजन श्रीलंका के लिए नए युग की शुरूआत है। दोनों के बीच विकास की कड़ी जुड़ेगी... शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन की दिशा में बेहतर काम होंगे। वहीं आईफा एडवाइजरी बोर्ड के सदस्य रमेश सिप्पी ने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच सिनेमाई रिश्ते जुड़ेंगे और वह रिश्तों में परिवर्तन के संदेश लेकर आएंगे। दुनिया ने जाना भारतीय सिनेमा... अब तक आईफा ने लंदन, सनसिटी, जोहांसबर्ग, सिंगापुर, मलेशिया, दुबई, एम्सटर्डम और बैंकॉक का सफर तय किया है। इन समारोहों के कारण दुनिया ने भारतीय सिनेमा को समझने की कोशिश की। छोटे-बड़े कलाकारों की उपस्थिति रोमांच भी पैदा करती रही है। वहां के हिंदी सिने-प्रेमियों ने इसे हाथोंहाथ लिया है। उन देशों में पहले यदा-कदा शूटिंग होती थी, अब वहां धड़ल्ले-से शूटिंग हो रही है। वहां की सरकारें भी मदद के लिए हमेशा तैयार रहती हैं। इससे सिर्फ हिंदी सिनेमा को ही फायदा नहीं हुआ है, बल्कि वहां के पर्यटन उद्योग में भी काफी इजाफा हुआ है।
बिग बी के बाद कौन... कोलंबो का अवॉर्ड समारोह इस बार कुछ मायने में बिलकुल अनूठा होगा। अब तक यह माना जाता था कि यह अवॉर्ड समारोह बच्चन साहब के इशारों पर चलता है यानी गुटीय मामला हावी है, इसलिए शाहरूख खान इससे दूर हो गए थे। एक छोर पर अमिताभ बच्चन हैं, तो दूसरे छोर पर शाहरूख खान। दोनों पूरी दुनिया में हिंदी सिनेमा के ब्रांड बने हुए हैं। यह भी माना जाता है कि जब बच्चन साहब होंगे, तो शाहरूख खान मोर्चा संभाल लेंगे, इसलिए क्योंकि आमिर खान को अवॉर्ड समारोह से ज्यादा लेना-देना नहीं है और सलमान खान हद दर्जे के लापरवाह हैं। उनके जीवन में अनुशासन का महžव नहीं है। वह अपनी तरह से जिंदगी जीते हैं। अभिषेक में पिता की तरह नेतृत्व क्षमता नहीं है। रितिक और सैफ में वह बात नहीं है कि दुनिया सम्मान से सिर झुका ले। सल्लू नाचेंगे, ऎश ताली बजाएंगी... कोलंबो में जब पांच साल बाद शाहरूख मंच पर मौजूद होंगे, तो समारोह की शान कई गुना बढ़ जाएगी। इस बार की हैरतअंगेज खबर यह भी है कि सलमान खान भी रहेंगे और परफॉरमेंस भी देंगे। वैसे वे आईफा चैरिटी के ब्रांड एम्बेसेडर भी बनाए गए हैं। हालांकि सलमान का कहना है कि मैं आईफा को लेकर बहुत क्रेजी नहीं हूं, लेकिन चूंकि विजक्राफ्ट से मेरे अपने संबंध हैं, इसलिए उसके कहने पर जा रहा हूं। खैर, बात चाहे जो है दर्शकों को इस बार कुछ ज्यादा ही मजा आएगा। समारोह में पूरा बच्चन परिवार होगा, तो जाहिर है कि वहां ऎश भी होंगी। उस मंच पर जब सलमान परफॉर्म कर रहे होंगे, तब ऎश सामने बैठी होंगी और ताली भी बजाएंगी। वैसे पहले भी कई बार दोनों का आमना-सामना हो चुका है, लेकिन देश-विदेश के दर्शकों को दोनों के प्रेम सम्बंधों के बारे में सब-कुछ पता है। लोग वहां कभी सलमान को देखेंगे, तो कभी ऎश को। दोनों के क्या एक्सप्रेशन रहते हैं, यह आईफा की बड़ी खबर होगी। यह लोगों को एक फिल्म की कहानी जैसी दिखेगी। पिक्चर अभी बाकी है... सलमान-ऎश की भांति कई और जोडियों का भी आमना-सामना करना होगा। करीना नॉमिनेट हुई हैं 3-इडियट्स के लिए, तो उनके पुराने प्रेमी शाहिद कपूर नॉमिनेट हुए हैं कमीने के लिए। वे लगातार दो-तीन दिन तक एक-दूसरे का सामना करेंगे और अवॉर्ड समारोह में परफॉर्म भी करेंगे। मंच और सामने की दीर्घा में इतनी कम दूरी होती है कि सब कुछ साफ-साफ दिखाई पड़ता है। निश्चित रूप से दोनों की आंखें जब मिलेंगी, तो वहां सैफ अली खान भी होंगे। वैसे सैफ और करीना अब सैफीना बनकर साथ-साथ ही रहते-फिरते हैं, मगर शाहिद की मुस्कान का असर सैफ पर क्या पड़ेगा? यह देखना ज्यादा दिलचस्प होगा, जो लव आजकल के बेस्ट एक्टर के लिए नॉमिनेट हुए हैं। शाहिद का असर प्रियंका चोपड़ा पर भी हो सकता है, जो एक-दूसरे के बीच बने सम्बंध का खुलासा नहीं कर रही हैं। प्रियंका भी कमीने के लिए बेस्ट एक्ट्रैस के लिए नॉमिनेट हुई हैं। शाहिद पर दावा विद्या बालन का भी है। दोनों अच्छे-खासे चर्चे में थे। विद्या को पा के लिए शामिल होने जाना है। सलमान वैसे वांटेड के लिए बेस्ट एक्टर के लिए नॉमिनेट हुए हैं, जो उत्सुकता सलमान, ऎश को लेकर अभी से व्यक्त की जा रही है, वैसी ही उत्सुकता आईफा में रणबीर, दीपिका और कैट को लेकर होगी। जाहिर है कि वहां सलमान-ऎश की नजरों के बीच में कैटरीना होंगी, तो रणबीर-कैट को देखने के लिए सलमान की आंखें घूमती रहेंगी। दीपिका भी अपने एक्स बॉय फ्रैंड को देखेंगी, जो कैट के साथ सम्बंध को लेकर जली-भुनी हुई हैं। कैट की नजरें दीपिका-रणबीर पर घूमेंगी, क्योंकि यह चर्चा है कि रणबीर-दीपिका फिर से करीब होने की कोशिश में हैं। दोनों के कुछ कॉमन फ्रैंड बीच-बचाव कर रहे हैं। आइफा अवार्ड में यह समानान्तर कहानी चलेगी, जो अवार्ड से ज्यादा दिलचस्प होगी। क्या पता कुछ बिछड़े मिल जाएं और कुछ के दिल जल जाएं, जो भी हो, इस साल आईफा कई महžवपूर्ण घटनाओं और दृश्यों के लिए जाना जाएगा।
|
|
|
|
|
|
|