जयपुर। प्रदेश में राशन कार्ड बनाने का काम अप्रेल में पूरा कर लिया जाएगा और अप्रेल में ही इनका वितरण शुरू कर दिया जाएगा। यह घोष्ाणा खाद्य मंत्री परसादी लाल मीणा ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान की। उन्होंने केरोसिन का कूपन के माध्यम से वितरण भी अप्रेल से शुरू करने की बात कही। साथ ही बताया कि छत्तीसगढ़ की सार्वजनिक वितरण प्रणाली का अध्ययन करने के लिए राज्य के जिला रसद अधिकारियों का एक दल जल्द ही छत्तीसगढ़ भेजा जाएगा।
वीडियो कांफ्रेंसिंग में मीणा ने प्रदेश के सभी जिला रसद अधिकारियों को प्रभावी तरीके से दूध की जांच करने और डेयरियों, दुग्ध वाहनों से नमूने लेने के निर्देश दिए। उन्होंने इससे स्वयंसेवी संगठनों को जोड़ने की सलाह भी दी। मीणा ने कहा कि राज्य सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए उपखंड अधिकारियों को उनके कार्यक्षेत्र के तहत अनियमितता पाए जाने पर उचित मूल्य दुकान के प्राधिकार पत्र को निलंबित करने का अधिकार दिया है, ऎसे में वे अधिक से अधिक तादाद में उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण करें। खाद्य मंत्री ने प्रदेश में गैस की आपूर्ति और वितरण की समीक्षा करते हुए जिला रसद अधिकारियों को उपभोक्ताओं को नियमित समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनगणना के साथ राशन कार्ड के फॉर्म
जयपुर शहर के अलावा प्रदेशभर में जाति आधारित जनगणना के साथ राशन कार्ड के फॉर्म भरवाए जा रहे हैं। ये फॉर्म जमा होने के पास खाद्य विभाग यह डेटा ऑनलाइन फीड करेगा और उसके बाद राशन कार्ड बनाए जाएंगे। जयपुर शहर में रसद विभाग की निगरानी में फॉर्म बांटे जाएंगे और जमा भी किए जाएंगे।
|
|
|
|
|
|
|